राजोेरी। नियोजन, विकास एवं निगरानी विभाग की ओर से जारी जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण नियम में हाल ही में किए गए संशोधनों के अनुरूप सीएमओ कार्यालय में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
संशोधित नियमों के अनुसार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी), सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) और अन्य सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों के अधीक्षकों, चिकित्सा अधिकारियों और प्रभारी अधिकारियों को उनके संबंधित संस्थानों के लिए जन्म एवं मृत्यु रजिस्ट्रार के रूप में नामित किया गया है। सत्र की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एमएल राना ने की, जो जिला रजिस्ट्रार के रूप में भी कार्य कर रहे हैं। राजोरी के जिला सांख्यिकी एवं मूल्यांकन अधिकारी (डीएसईओ) संदीप कुमार भी मौजूद थे, जिन्हें अतिरिक्त जिला रजिस्ट्रार के रूप में नामित किया गया है। प्रशिक्षण में ब्लॉक चिकित्सा अधिकारियों व 28 सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों के प्रभारी अधिकारियों और डेटा एंट्री ऑपरेटरों ने भाग लिया। मास्टर प्रशिक्षकों ने नागरिक पंजीकरण प्रणाली (सीआरएस) पोर्टल का लाइव प्रदर्शन किया। सीएमओ डॉ. एमएल राना ने महत्वपूर्ण घटनाओं के समय पर और सटीक पंजीकरण के महत्व पर जोर दिया और सभी प्रतिभागियों को प्रदान किए गए डिजिटल उपकरणों को सक्रिय रूप से अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। डीएसईओ संदीप कुमार ने योजना और सार्वजनिक नीति निर्माण में मजबूत डेटा की भूमिका पर भी प्रकाश डाला और दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने का आग्रह किया।