पुलिस प्रशिक्षण केंद्रों के मुलाजिमों के लिए अच्छी खबर है। अब उन्हें प्रशिक्षण भत्ता मूल वेतन का 12 फीसदी मिलेगा। यह वृद्धि सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों के तहत की गई है। गृह विभाग ने बुधवार को इसका आदेश जारी किया है।
पहले यह भत्ता 10 फीसदी था। जम्मू-कश्मीर पुलिस के करीब एक हजार अफसरों और कर्मियों को इसका लाभ मिलेगा। हालांकि भत्ते में वृद्धि का लाभ उन्हें नहीं होगा, जिन्हें प्रशिक्षण केंद्रों ने सीधे भर्ती किया है।
जम्मू-कश्मीर में पुलिस एकेडमी उधमपुर में सब इंस्पेक्टर स्तर तक और कठुआ के पीटीटीआई के अलावा पांच अन्य ट्रेनिंग स्कूल हैं। कठुआ में तकनीकी स्टाफ और बाकी के स्कूल में कांस्टेबल को ट्रेनिंग दी जाती है।