महत्वाकांक्षी रेल लिंक परियोजना के तहत कटड़ा से बनिहाल तक रेल को पहुंचाने का काम वर्ष 2020 तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद ट्रेन से जम्मू संभाग को कश्मीर के बारामुला के साथ जोड़ने में कोई परेशानी नहीं आएगी। ये बातें बुधवार को रेलवे के राज्य मंत्री मनोज सिन्हा ने जिले के कौड़ी क्षेत्र में दौरा करने के बाद कही। इस दौरान उन्होंने दरिया चिनाब पर बन रहे विश्व के सबसे ऊंचे रेलवे पुल का शिलान्यास भी किया।
इसकी ऊंचाई जमीनी सतह से 359 मीटर होगी। वहीं यह पुल 1,315 मीटर लंबा बनेगा। रेलवे राज्य मंत्री ने कहा कि जम्मू-बारामुला रेल लिंक परियोजना के तहत श्री माता वैष्णो देवी के आधार शिविर कटड़ा तक रेल को पहुंचाने का काम पिछले वर्ष पूरा कर लिया गया था। अब आगे काम तेजी से जारी है। उन्होंने कहा कि इस रेल लिंक परियोजना को बनाने में कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है
इस दौरान इस प्रोजेक्ट को कुछ समय के लिए बंद भी करना पड़ा था, लेकिन उसके बावजूद इसके महत्व को देखते हुए काम को दोबारा शुरू करके इसको जारी रखा गया है। इस रेल लिंक परियोजना में कई सारे छोटे-बडे़ पुल तथा टनल बनाए जाने हैं। इनमें चिनाब पर बनने बाला पुल दुनिया का सबसे बड़ा रेलवे ब्रिज होगा। इसके डिजाइन को वर्ष 2012 मे मंजूरी मिली थी।
ई श्रीधरन की रिपोर्ट को लेकर रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा ने कहा कि पुल की सेफ्टी को लेकर रिपोर्ट को पेश किया गया था, लेकिन, बाद में बनाए गए पैनल के द्वारा इसको सिरे से खारिज कर दिया गया और पाया कि रेल लिंक परियोजना के बदले जाने की कोई जरूरत नहीं है। पाया कि पहाड़ी क्षेत्रों में इसको बनाने की कोई दिक्कत नहीं है। इस दौरान रेल राज्य मंत्री के द्वारा कार्य की जांच भी की गई।