टिकट चेकिंग अभियान के दौरान टिकट की जांच करते रेलवे स्टाफ फोटो रेलवे
जम्मू। बिना टिकट ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों की अब खैर नहीं। ऐसे यात्रियों पर कार्रवाई करने के लिए विशेष टीमें बनाई गई हैं। इन टीमों ने मई महीने में विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर 4,140 यात्रियों बिना टिकट सफर करते पकड़ा। इनसे 21.93 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।
बिना टिकट यात्रा और ट्रेनों में गंदगी फैलाने पर अंकुश लगाने के लिए रेलवे कई प्रयास कर रहा है। इन्हीं प्रयासों का हिस्सा टिकट चेकिंग अभियान है। कश्मीर में टिकट चेकिंग स्टाफ ने मई महीने में 752 यात्रियों से 2.1 लाख रुपये रुपये वसूले। पठानकोट मुख्यालय क्षेत्र में 2,094 यात्रियों से 9.77 लाख रुपये जुर्माना वसूला। श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा स्टेशन के टिकट चेकिंग स्टाफ ने 346 यात्रियों से 3.69 लाख रुपये का जुर्माना वसूला। जम्मू मुख्यालय के टिकट चेकिंग स्टाफ ने 975 यात्रियों से लगभग 6.37 लाख रुपये की राशि वसूली। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने बताया बिना टिकट यात्रा या अनियमित टिकट के साथ यात्रा करना दंडनीय अपराध है।