कल सुबह जम्मू रेलवे स्टेशन पर पहुंचने वाली कई ट्रेनें करीब पांच घंटे लेट पहुंचीं, जिससे रेल मुसाफिरों को हलकान होना पड़ा। समय से ट्रेनों के न पहुंचने से जम्मू रेलवे प्रशासन एवं प्रबंधक की ओर से जम्मू रेलवे स्टेशन से लौटकर वापस जाने वाली ट्रेनों की व्यवस्था बनाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
जानकारी के मुताबिक अंबाला रेलवे स्टेशन के यार्ड में पटरी से मालगाड़ी के दो तीन डिब्बे उतर गए थे, जिससे शनिवार की देर रात करीब साढ़े ग्यारह बजे से वहां से होकर गुजरने वाली सभी ट्रेनों को डायवर्ट करना पड़ा तथा ट्रेनों को डायवर्ट कुरुक्षेत्र भठिंडा रेल मार्ग से रवाना किया गया।
इस कारण जम्मू रेलवे स्टेशन पर जो ट्रेनें लेट पहुंचीं, वे आगे उधमपुर और कटड़ा भी देरी से पहुंचीं। इससे माता वैष्णो देवी के श्रद्धालुओं को भी परेशानियों से गुजरना पड़ा। गौरतलब है कि सोमवार को संपर्क क्रांति दो घंटे पैंतालीस मिनट देरी से जम्मू रेलवे स्टेशन पहुंची, जबकि उधमपुर एसी स्पेशल अपने निर्धारित समय सुबह सवा सात बजे के बजाय दोपहर एक बजे पहुंची।
वहीं, कटड़ा जाने वाली प्रीमियम स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन अपने निर्धारित समय सुबह छह बजकर पचास मिनट के बजाय पांच घंटे लेट जम्मू पहुंची। पूजा एक्सप्रेस भी अपने निर्धारित समय सुबह आठ बजकर दस मिनट के बजाय शाम सवा चार बजे पहुंची। सियालदह एक्सप्रेस सुबह साढ़े आठ बजे के बजाय दोपहर बाद साढ़े तीन बजे जम्मू रेलवे स्टेशन पहुंच सकी।
झेलम एक्सप्रेस सुबह दस बजे के बजाय शाम साढ़े पांच बजे तक पहुंच पाई। अर्चना एक्सप्रेस सुबह करीब साढ़े दस बजे के बजाय जम्मू स्टेशन पर शाम साढ़े आठ बजे तक पहुंची, जबकि हिमगिरि एक्सप्रेस दोपहर साढ़े बारह बजे के बजाय रात 12:30 बजे तक जम्मू स्टेशन पर पहुंचने की संभावना जताई जा रही थी।
वहीं टाटा मूरी एक्सप्रेस के बारे में भी जम्मू स्टेशन पर करीब शाम नौ बजे पहुंची। इस संबंध में डीटीएम आरएन मीणा ने बताया कि अंबाला स्टेशन के यार्ड में माल गाड़ी के दो तीन डिब्बे पटरी से उतर गए, जिससे जम्मू में पहुंचने वाली ट्रेनें लेट हो गई हैं।
शाम को जम्मू से वापस जाने वाली कुछ ट्रेनों को छोड़कर सभी समय से रवाना की गईं। रविवार को जम्मू रेलवे स्टेशन से वाराणसी स्पेशल ट्रेन (बेगमपुरा एक्सप्रेस) को दिन के दो बजे के बजाय दोपहर बाद शाम पौने चार बजे रवाना किया जा सका।
सियालदह एक्सप्रेस ट्रेन जो अपने निर्धारित समय शाम 6:55 पर रवाना होती थी, उसे रविवार की रात आठ बजे रवाना करना पड़ा, जबकि पूजा एक्सप्रेस को 10:45 पर जम्मू से रवाना किया गया जिसका निर्धारित समय 6:15 बजे था।