घाटी में 135 दिन तक बंद रही रेल सेवा को पूरी तरह से शुरू करने के लिए रेलवे मंगलवार को बनिहाल से श्रीनगर के बीच ट्रेन चलाकर ट्रायल लेगा। अगर यह ट्रायल कामयाब रहा तो सप्ताह के अंदर घाटी में बनिहाल से बारामुला रेल सेवा पूरी तरह शुरू हो जाएगी।
135 दिन रेल सेवा बंद रहने के कारण रेलवे के राजस्व को अभी तक 25 करोड़ से ज्यादा का नुकसान हो चुका है। आतंकी बुरहान की मौत के बाद आठ जुलाई को घाटी में रेल सेवा बंद हुई और फिर लगातार 135 दिन तक पटरी पर एक भी ट्रेन नहीं दौड़ सकी। हालात सामान्य होने के बाद करीब दो सप्ताह पहले रेलवे के जीएम ने घाटी का दौरा करके रेल सेवा को शुरू करवाया।
वर्तमान समय में रेलवे ने श्रीनगर से लेकर बारामुला तक रेल सेवा को शुरू कर दिया है। हालात खराब होने पर रेलवे को सबसे ज्यादा नुकसान श्रीनगर और बनिहाल के बीच हुआ था। इस ट्रैक के बीच शरारती तत्वों ने काजीकुंड-सदूरा रेलवे स्टेशन के बीच दो रेलवे क्रॉसिंग फाटक नंबर-सी-वन तथा सोपो के फाटक नंबर-सात फूंक दिया था। बिजबिहाड़ा में रेलवे पुलिस की चौकी फूंकी थी।
रेल पटरियों को उपद्रवियों ने पहुंचाया था नुकसान
रेल सेवा को शुरू करने की कवायद
- फोटो : Getty
इसके अलावा उपद्रवियों ने सिगनल बॉक्स भी कई जगहों से उखाड़ दिए गए थे। इसके अलावा श्रीनगर-बडगाम, कांजीकुंड-सदूरा रेलवे सेक्शन के बीच बिछी लगभग पांच किलोमीटर लंबी रेल पटरी की पिनड्रोल क्लिपें निकाल दी थीं।
इसकी मरम्मत का काम करने में रेलवे को दो सप्ताह का समय लग गया। अब रेलवे को मरम्मत का काम पूरा करने में कामयाबी मिल चुकी है। मंगलवार को रेलवे श्रीनगर से बनिहाल के बीच ट्रेन चलाकर ट्रायल लेगा और इसके कामयाब होते ही घाटी में रेल सेवा पूरी तरह से बहाल हो जाएगी।
ट्रायल सफल हुआ तो 30 ट्रेनें सरपट दौड़ेंगी
घाटी में शुरू हुई रेल सेवा
- फोटो : File Photo
कश्मीर में रेल सेवा बनिहाल से बारामुला तक 137 किलोमीटर के ट्रैक चलती है। इस रूट पर हर रोज करीब 30 ट्रेनों में 25 से 30 हजार यात्री सफर करते हैं।
हालात सुधरने के बाद अभी तक रेलवे करीब 20 ट्रेनों को ही चला पाया है, लेकिन मंगलवार को ट्रायल कामयाब होने के बाद 30 ट्रेनें सरपट पटरी पर दौड़ेंगी।