कश्मीर में विरोध प्रदर्शनों के मद्देनजर बंद जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग को बुधबार देर रात यातायात के लिए खोल दिया गया। रामबन के एसएसपी रणदीप कुमार ने संवाददाताओं को बताया कि जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बहाल कर दिया गया।
आपको बता दे कि कश्मीर हिंसा की वजह से घाटी जाने वाले वाहनों के पहिये पूरी तरह से थम गए थे। मंगलवार रात से लेकर बुधवार दिनभर एक भी वाहन घाटी की तरफ रवाना नहीं हो पाया थे। हालांकि श्रीनगर से जम्मू की तरफ करीब पांच सौ वाहनों को आगे बढ़ने दिया गया था। जवाहर टनल के इस पार रामबन जिले के विभिन्न स्थानों पर वाहनाें को रोका गया।
उल्लेखनीय है कि लगातार हिंसा की वजह से सबसे अधिक असर वाहनों की आवाजाही पर पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों की ओर से वाहनों को निशाना बनाकर तोड़फोड़ की जा रही है। प्रदर्शनकारी हाईवे तक उतर आते हैं और वाहनों पर पथराव शुरू कर देते हैं।
लेथपोरा में प्रशासनिक अधिकारी का वाहन फूंकती भीड़ पर फायरिंग के बाद उपजे हालात को ध्यान में रख कर वाहनों को टनल के इस पार ही रोक दिया गया था। हाईवे की सुरक्षा के लिए जगह-जगह सुरक्षा बलों को तैनात कर दिया गया है। हाईवे पेट्रोलिंग पार्टी की गश्त भी लगातार जारी है।