बॉर्डर रोड ऑर्गेनाइजेशन (बीआरओ) की टीम ने लेह हाईवे पर यातायात बहाल कर दिया है। बीआरओ के इंजीनियर अमनदीप सिंह ने बताया कि जोजिला दर्रे से बर्फ हटाने का पूरा कार्य कर लिया गया है। इसके बाद यातायात सुचारु कर दिया गया है।
लद्दाख को जम्मू-कश्मीर के साथ साथ देश के अन्य राज्यों के साथ जोड़ने वाले श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग को शुक्रवार सुबह बहाल कर दिया गया। जोजिला दर्रे पर भारी बर्फबारी के कारण वीरवार को इस मार्ग को बंद कर दिया गया था।
विज्ञापन
बॉर्डर रोड ऑर्गेनाइजेशन (बीआरओ) की टीम ने कई घंटों की मेहनत के बाद इस मार्ग को शुक्रवार की सुबह वाहनों के लिए खोल दिया। बीआरओ की 122 आरसीसी के इंजीनियर अमनदीप सिंह ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे जोजिला दर्रे से बर्फ हटाने का पूरा कार्य संपन्न कर दिया गया था।
दिन भर वाहनों की अप (सोनमर्ग से कारगिल) और डाउन (कारगिल से सोनमर्ग) आवाजाही जारी रही। उन्होंने बताया कि उनकी पूरी कोशिश रहती है कि इस दर्रे को जल्द से जल्द खोल दिया जाए क्योंकि यह हाईवे आम नागरिकों के साथ साथ सेना के लिए भी एक लाइफ लाइन है।
विज्ञापन
उन्होंने बताया कि करीब 573 वाहन अप कान्वाई का हिस्से रहे जिसमें 345 छोटे वाहन थे जबकि बाकी ऑयल टैंकर, गैस, फलों, सब्जियों, पोल्ट्री/शीप, आदि से लदे ट्रक शामिल थे। जानकारी के अनुसार हाईवे पर फिसलन के चलते वाहनों की रफ़्तार धीमी रही और कुछ जगहों पर रिपेयरिंग के चलते जाम भी लगा दिखा। इस बीच मुगल रोड लगातार दूसरे दिन भी बंद रही।