आरएस पुरा। प्रदेश में शुरू होने वाले बैक टू विलेज कार्यक्रम से पहले सरकार की तरफ से शुरू किए गए जन अभियान कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को निदेशक रूरल सैनिटेशन चरणदीप सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने ब्लॉक आरएस पुरा की गनडली एवं जसोर पंचायत का दौरा किया। इस दौरान पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों के साथ-साथ प्लान में रखे विकास कार्यों के बारे में जानकारी प्राप्त की।
पंचायत गनडली पहुंचने पर अधिकारियों का सरपंच सरदार गुरदीप सिंह सैनी की अध्यक्षता में स्वागत किया गया। उसके उपरांत पंचायत के लोगों के साथ बैठक हुई। निदेशक रूरल सैनिटेशन जम्मू चरणदीप सिंह ने सरपंच गुरदीप सिंह सैनी से पंचायत में चल विकास कार्यों पर चर्चा की, और बताया कि जम्मू-कश्मीर में जल्द शुरू होने वाले बैक टू विलेज अभियान-4 से पहले प्रशासनिक अधिकारी हर एक पंचायत में पहुंच रहे हैं और पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों का जायजा लेने के साथ-साथ पंचायतों के विकास तथा पंचायतों के विकास हेतु सरकार द्वारा आगामी समय में उठाए जाने वाले कदमों पर चर्चा की जा रही है। इस बात को यकीनी बनाया जा रहा है कि सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ पंचायत कि लोगों को मिल पा रहा है या फिर कहीं कोई कमी है।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा जल्द ही पंचायतों को कचरा मुक्त बनाने के मकसद से ई-काट अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत पंचायत से गंदगी उठाई जाएगी और कचरा उठाने के लिए हर एक पंचायत को ई रिक्शा मुहैया कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंचायतों के विकास हेतु बनने वाले प्लान पंचायत प्रतिनिधियों की निगरानी में ही बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास विभाग के साथ-साथ अन्य विभागों की तरफ से भी जो पंचायतों की बेहतरी के लिए काम किए जाते हैं। उन पर भी पंचायत प्रतिनिधियों की पूरी पकड़ होनी चाहिए।
सरपंच गुरदीप सिंह सैनी ने पंचायत की कई समस्याओं के बारे में प्रशासनिक अधिकारियों को जानकारी दी। कहा कि पिछले बैक टू विलेज कार्यक्रम में जो मांगें रखी थीं उन्हें जल्द पूरा किया जाना चाहिए। इस मौके पर एसीडी प्रीति शर्मा, असिस्टेंट कमिश्नर पंचायत मीनाक्षी, अतिरिक्त निदेशक सैनिटेशन जम्मू सना खान,ब्लॉक अधिकारी दिव्या नंदा, नायब सरपंच प्यारेलाल, पंच सत्या देवी, पवन सिंह, सरदार हरजिंदर सिंह, अमर सिंह सहित अन्य उपस्थित रहे। गांव जसोर में बैठक के दौरान डीडीसी सदस्य प्रोफेसर गारू राम भगत तथा पंचायत के सरपंच सुशील शर्मा सहित पंचायत के अन्य प्रतिनिधि भी विशेष तौर पर उपस्थित रहे।
----------
साढ़े तीन घंटे की देरी गनडली गांव पहुंचे अधिकारी
गांव गनडली में तय किए गए समय के मुताबिक साढे़ तीन घंटे बाद पहुंचे अधिकारी सरकार की ओर से किस प्रकार बनाई जाती है इसका सबूत आज देखने को मिला। जिले की पंचायतों को दौरे पर पहुंचे निदेशक रूरल सैनिटेशन चरणदीप सिंह सहित अन्य अधिकारी को एक बजे पहुंचना था, लेकिन वह लगभग साढ़े चार बजे पहुंचे। इस दौरान ग्रामीण वापस चले गए। उनका कहना था कि उन्हें सिर्फ यही काम नहीं है कि अधिकारियों का बैठकर इंतजार करें, बल्कि और कई काम हैं जिन्हें वे छोड़कर बैठे हैं। अधिकारियों को समय का पाबंद होना चाहिए।