- शहर में 64 जंक्शन पर लगीं ट्रैफिक सिग्नल लाइट खराब, ठीक करने की कवायद नहीं हो रही शुरू
- 2024 में खत्म हो गया था ट्रैफिक सिग्नल लाइट को दुरुस्त करने का टेंडर
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जम्मू में सरकार के साथ दरबार आने में एक सप्ताह से भी कम समय बचा है लेकिन जाम की समस्या जस की तस है। दरबार मूव से सड़कों पर अतिरिक्त 10 से 15 हजार वाहनों का दबाव बढ़ने का अनुमान है। ऐसे में खराब ट्रैफिक सिग्नल लाइटें, खराब सड़कें जाम की समस्या को और बढ़ा देंगी। अगस्त से ही शहर में जाम की समस्या बढ़ी है। शहर पर अतिरिक्त वाहनों का दबाव जाम में मुश्किलें बढ़ा रहा है।
शहर में ट्रैफिक के कुल 64 जंक्शन हैं। अधिकतर जंक्शन पर लगी ट्रैफिक सिग्नल लाइट या तो बंद हैं या खराब हैं। इनकी मरम्मत करने वाली कंपनी का ठेका 2024 को खत्म हो गया था। इसके बाद यातायात विभाग और स्मार्ट सिटी परियोजना किसी कंपनी को जिम्मेदारी नहीं दे पाए हैं। अब खराब ट्रैफिक सिग्नल लाइट के कारण शहर में यातायात की समस्या विकराल रूप ले चुकी है। सड़क हादसे बढ़ रहे हैं। शहर के ज्वेल चौक, बिक्रम चौक, लास्ट मोड, सतवारी चौक, जानीपुर चौक, कैनाल रोड, तालाब तिल्लो, नरवाल चौक में ट्रैफिक सिग्नल लाइट खराब हैं। यहां सुबह दस से दोपहर 12 बजे तक तो शाम चार से रात आठ बजे तक जाम रहता है। ट्रैफिक कर्मी तैनात रहते हैं लेकिन वाहनों का दबाव ज्यादा रहता है। यातायात विभाग ने ट्रैफिक सिग्नल लाइट की मरम्मत करने के लिए कंपनी के चुनाव के लिए टेंडर प्रक्रिया फिर से शुरू की है। यह प्रक्रिया बीते छह महीने से चल रही है। अब तीन नवंबर के बाद यह समस्या और ज्यादा बढ़ेगी।
शहर में खराब ट्रैफिक सिग्नल लाइट की समस्या है। इनकी मरम्मत करने के लिए कंपनी के चयन के लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही समस्या का समाधान करवाया जाएगा।
हसीब मुगल, डीआईजी, ट्रैफिक जम्मू