यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ शिकंजा कसने की पुलिस तैयारी में है। आधुनिक तकनीक से लैस ट्रैफिक पुलिस नियम तोड़ने वालों पर पैनी नजर रखेगी। यही नहीं विभाग ने ट्रैफिक पुलिस कर्मियों की संख्या बढ़ाने का भी फैसला किया है। ट्रैफिक पुलिस सीसीटीवी कैमरे की मदद से उल्लंघन करने वालों पर शिकंजा कसेगी।
ट्रैफिक पुलिस ने कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नया तरीका अपनाया है। सीसीटीवी कैमरे और मोबाइल के माध्यम से नाका तोड़ने, बिना हेलमेट सफर करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। नो पार्किंग जोन में जो गाड़ी खड़ी होगी, उस गाड़ी के आगे पांच सौ रुपयेे का चालान काटकर रख दिया जाएगा।
गाड़ी चालक आएगा और उसे चालान की कापी मिलेगी। वाहन मालिक को चालान एसपी आफिस में जमा कराना पड़ेगा। अगर चालान की फीस जमा नहीं हुई तो कोर्ट से समय आएगा और कोर्ट में जाकर जुर्माना फीस जमा करानी होगी।
पुलिस महानिदेशक के राजेंद्रा के अनुसार ट्रैफिक पुलिस जम्मू और श्रीनगर दोनों शहरों में इस नए तरीकाकार पर कार्य कर रही है। सीसीटीवी फुटेज से कानून का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर नजर रखी जाएगी, ताकि गाड़ी नंबर को देखकर उसके मालिक का पता किया जा सके। उसके बाद वाहन मालिक को सीधे घर में भी चालान भेजा जाएगा।
ट्रैफिक की समस्या काफी बढ़ गई है। लोगों में ट्रैफिक को लेकर जानकारी नहीं है। कहीं भी गाड़ी खड़ी करने से जाम की स्थिति पैदा होती है। जाम के कारण लोगों को काफी समस्या होती है। कई बार हाईकोर्ट से भी निर्देश जारी हो चुके हैं। उसका भी संज्ञान लिया जा रहा है।