सांबा। शहर के बॉर्डर रोड मार्केट और लिंक रोड बाजार में दुकानों के बाहर अवैध रूप से सजाया गया सामान और सड़क पर गलत तरीके से वाहन पार्क करने के चलते रोजाना लंबे जाम से लोग परेशान हैं।
स्थानीय निवासी, मधु सिंह, पवन सिंह, शीतल कुमारी, मनदीप सिंह व सुरजीत सिंह ने कहा कि बॉर्डर रोड मार्केट और लिंक रोड पर दिनभर जाम की समस्या रहती है। लोगों ने कहा कि दुकानों के बाहर दुकानदार सामान सजा देते हैं और पैदल मार्ग पर रेहड़ी फड़ी वालों ने कब्जा कर रखा है। दूसरी तरफ होलसेल दुकानों के बाहर दिनभर बड़े वाहनों में लोडिंग अनलोडिंग की जाती है। ऐसे में खरीदारी करने आए लोग सड़क पर ही अपना वाहन पार्क कर देते हैं। इससे लोगों को दिनभर लंबे जाम की समस्या से जूझना पड़ता है। लोगों का कहना है कि गलत तरीके से पार्क वाहनों और जाम खुलवाने के लिए जिम्मेदार विभाग भी कोई करवाई नहीं करता। इसके चलते जाम की समस्या बनी रहती है। लोगों ने मांग की है कि दिन के समय शहर के बाजारों में बड़े वाहनों की एंट्री पर रोक लगाई जाए और अतिक्रमण और गलत तरीके से सड़क पर वाहन पार्क करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
................
सांबा के लिंक रोड और बॉर्डर रोड मार्केट में जाम की शिकायत है। पहले भी अभियान चलाकर दुकानदारों और रेहड़ी फड़ी वालों को अतिक्रमण न करने की हिदायत दी गई थी लेकिन चेतावनी के बावजूद लोग बाज नहीं आ रहे हैं। दोबारा अभियान चलाकर अतिक्रमण और रेहड़ियों फड़ियों को हटाया जाएगा।
-जोधराज, कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद
फोटो 3 एसबीए 4 : सांबा के बॉर्डर रोड मार्केट में लगा लंबा जाम