लेह में पर्यटन उद्योग इन दिनों कठिन परिस्थितियों से गुजर रहा है। यहां के होटलों में 50 प्रतिशत ही बुकिंग है। होटल उद्यमियों का मानना है कि लोकसभा चुनाव, उड़ान सेवाओं में कमी तथा लेह-मनाली रोड के देर से खुलने की वजह से पर्यटन उद्योग पर असर पड़ा है।
लेह में 100 से अधिक होटल तथा गेस्ट हाउस हैं। पिछले साल यहां 50 हजार पर्यटक विदेश से पहुंचे थे। पर्यटन उद्यमियों का कहना है कि पिछले साल मई महीने में 80 से 95 प्रतिशत तक होटल बुक थे, लेकिन इस बार 40 प्रतिशत तक बुकिंग हुई।
जून के पहले 15 दिनों में 30 और दूसरे सप्ताह में 60 प्रतिशत ही होटल भर पाए, जबकि जून 2018 में 90 प्रतिशत तक बुकिंग हुई थी। 2018 में पहली बार 3.27 लाख पर्यटक लेह पहुंचे थे। इनमें से 49477 विदेशी थे। 2017 से पर्यटकों की संख्या 50 हजार अधिक थी। 2011 में 1.79 लाख पर्यटक पहुंचे थे।