जम्मू-कश्मीर में कोविड संक्रमण का प्रसार तेज होता जा रहा है। पिछले चौबीस घंटे में प्रदेश में 461 नए संक्रमित मिले हैं। इसमें से 100 जम्मू और 361 कश्मीर संभाग में मिले हैं। इसके साथ जम्मू में एक और कश्मीर में तीन मौतें भी हुई हैं।
उधर, प्रदेश में 45 वर्ष से ऊपर वाले लोगों का टीकाकरण आज से शुरू हो गया। प्रदेश में सुबह से ही लोग टीका लगवाने के लिए अस्पतालों में पहुंचे। इसके लिए बुधवार देर शाम तक स्वास्थ्य विभाग तैयारियों और केंद्रों से समन्वय बनाने में जुटा रहा।
ये भी पढ़ें- आतंकी हमले के लिए बुरखे का सहारा: तीनों आतंकियों की हुई पहचान, पुलिस ने किया बड़ा खुलासा
श्रीनगर के जिला उपयुक्त एजाज असद ने बताया कि श्रीनगर ज़िले में कुल 76 कोविड़ वैक्सिनेशन सेंटर स्थापित किए गए हैं। जिनकी क्षमता 8600 प्रतिदिन की है जो बढ़ाई भी जा सकती है। उन्होंने कहा कि आज से श्रीनगर में 45 साल से ऊपर के लोगों के लिए वैक्सीन की शुरुआत हो चुकी है। लोगों से अपील है कि वह आगे आएं और वैक्सीन लगवाएं। वहीं एक डॉक्टर ने बताया कि पहले दिन 278 लोगों को श्रीनगर में वैक्सीन का पहला डोज दिया गया।