दक्षिणी कश्मीर में आतंकियों ने शुक्रवार को ताबड़तोड़ तीन हमलों को अंजाम देकर विधायक के आवास व सुरक्षा बलों को निशाना बनाया। इसमें छह लोग घायल हुए हैं। इनमें सीआरपीएफ के चार व पुलिस का एक जवान शामिल है। सीजफायर की घोषणा के बाद आतंकियों ने हमले तेज कर दिए हैं। मौजूदा आंकड़ों के अनुसार सीजफायर की घोषणा के बाद से केवल दक्षिणी कश्मीर में आतंकियों ने 16 हमले किए। इनमें बैंक लूट की घटनाएं, राइफल स्नैचिंग और सुरक्षाबलों पर हमले शामिल हैं।
आतंकियों ने पहला हमला पुलवामा जिले में किया जहां उन्होंने सीआरपीएफ की 183 बटालियन की गाड़ी को ईदगाह क्रासिंग पर निशाना बनाते हुए उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। इस हमले में कोई नुकसान नहीं हुआ। हमले के बाद इलाके में चलाए गए सर्च आपरेशन के दौरान तीन बैग पाए गए। इनमें संदिग्ध सामग्री पड़ी थी। पहले इसमें आईईडी होने का अनुमान था, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है।
दूसरा हमला आतंकियों ने जिले के त्राल में किया जहां उन्होंने त्राल के मौजूदा पीडीपी विधायक मुश्ताक शाह (पीडीपी) के घर पर यूबीजीएल दागा। इस हमले में भी किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं।