उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के केरन सेक्टर में बृहस्पतिवार को दूसरे दिन भी आतंकियों एवं सेना के बीच मुठभेड़ जारी रही, अब तक तीन आतंकी ढेर हुए हैं।
दोनों ओर से भारी गोलाबारी की खबरें हैं। इस बीच, तलाशी अभियान में सेना ने मुठभेड़ स्थल से दो शव बरामद किए। इसके साथ ही दो एके-47 रायफल, दो पिट्ठू बैग और अन्य हथियार मिले हैं। सेना ने मुठभेड़ के लिए अतिरिक्त जवान भेजे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार ऑपरेशन में सेना ने तीन आतंकी ढेर कर दिए हैं। एक जवान के शहीद होने की चर्चा है, लेकिन उसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।
सैन्य प्रवक्ता के अनुसार ऑपरेशन में एक सैन्य अधिकारी और एक जवान जख्मी हुए हैं, जिन्हें श्रीनगर स्थित सेना के बेस कैंप में भर्ती करवाया गया है।
बुधवार की सुबह केरन सेक्टर की ईगल पोस्ट पर तैनात 26 राजपूत के जवानों ने इलाके में कुछ संदिग्ध हरकत देखी। इसके बाद उन्होंने इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया। घेराबंदी कर चप्पा चप्पा छानना शुरू किया तो घेरा सख्त होता देख आतंकियों ने गोलाबारी शुरू कर दी।
जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की। आशंका जताई जा रही है कि आतंकियों का एक दल मंगलवार और बुधवार की रात को घुसपैठ कर भारतीय सीमा में दाखिल होने में कामयाब रहा है। ऑपरेशन को 26 राजपूत और 4 पैरा के जवान अंजाम दे रहे हैं।