जम्मू-कश्मीर में सांबा जिले के बाड़ी ब्राह्मणा क्षेत्र अंतर्गत पड़ते सरोर इलाके में नशा तस्करों को पकड़ने गई पुलिस पर हमला हो गया। पथराव में थानेदार समेत दो पुलिस वाले घायल हो गए। हमले के बाद आरोपी भाग निकले। पुलिस आरोपियों की पहचान कर रही है।
घटना सोमवार देर शाम साढ़े सात बजे की है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सरोर इलाके में कुछ लोग नशा बेच रहे हैं। इसके बाद हरकत में आई पुलिस ने इलाके में रेड की। जैसे ही पुलिस टीम आरोपियों को पकड़ने लगी तो बेखौफ आरोपियों ने पथराव शुरू कर दिया।
इसके बाद हमलावर भाग निकले। इनकी पहचान नहीं हुई है। डीएसपी सुनील केसर ने बताया कि आरोपियों की पहचान की जा रही है। नशे के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा। बता दें, सरोर इलाके में नशा तस्करी के कई मामले पहले भी सामने आ चुके हैं।