सांबा/ अखनूर। सांबा जिले में कोराना संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। रोज संक्रमित दम तोड़ते नजर आ रहे हैं। वीरवार को जिले में दो लोगों तथा अखनूर के चौकी चौरा चिकित्सालय में तैनात चिकित्सक की संक्रमण से मौत हो गई। इसके अलावा 107 नए संक्रमित मिले हैं।
जिले में आ रहे कोरोना संक्रमण के मामलों में यात्रा इतिहास के न के बराबर है। सामुदायिक तौर पर फैल रहे संक्रमण के ही अधिक मामले सामने आ रहे हैं। जिले में अब तक 77 मरीजों ने संक्रमण के चलते दम तोड़ा है। वीरवार को 1670 एक्टिव मामले सामने आए हैं। जिला प्रशासन की ओर से घर घर जा कर बीमार की पहचान करने की मुहिम भी जारी है। जिला प्रशासन के अनुसार की इस मुहिम में 95 प्रतिशत लोगों को चयनित कर लिया गया है। उधर वैक्सीन लगवाने के लिए केन्द्रों मे पहुंच रहे हैं। उधर अखनूर के उपजिला अस्पताल चौकी चौरा में तैनात चिकित्सक की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई। कोरोना से इलाके में किसी चिकित्सक की पहली मौत हुई है। राजोरी निवासी डॉ ताहिर हारुन मिर्जा दो सप्ताह पहले संक्रमित हो गए थे। उनका सेना अस्पताल उधमपुर में उपचार चल रहा था। जहां बुधवार देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया। मिर्जा पिछले दो सालों से चौकी चौरा अस्पताल में तैनात थे। अखनूर क्षेत्र में कोविड से संक्रमित पहले डॉक्टर की मौत हुई है। प्रशासन के अधिकारियों, डॉक्टर, पैरा मेडिकल कर्मचारियों सहित गणमान्य लोगों ने शोक व्यक्त किया है। चौकी चौरा रीतिक खुल्लर ने बताया कि डॉ ताहिर दो हफ्तों से बीमार थे। उनकी मौत से चिकित्सा क्षेत्र में बड़ी क्षति हुई है। इससे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। संवाद