जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में बर्फीले तूफान में फंसने के कारण तीन लोगों की मौत हो गई। घटना की जानकारी एक पुलिस अधिकारी द्वारा दी गई। उन्होंने बताया कि उत्तरी कश्मीर में सोमवार की रात कुछ लोग कुपवाड़ा से कारनाह पैदल जा रहे थे, इसी दौरान साधना टॉप क्षेत्र में खूनी नाला के निकट बर्फीले तूफान आने के कारण वो फंस गए।
अधिकारी ने बताया कि इस घटना में तीन व्यक्ति लापता हो गए जबकि तीन व्यक्ति साधना टॉप पर पहुंचने में सफल रहे। यहां पहुंचने के बाद उन्होंने पुलिस और सेना से संपर्क किया और इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।
सुरक्षाबल जब वहां पहुंचे और उन्होंने पाया कि ठंड के कारण तीन लोगों की मौत हो चुकी है। मृतकों की पहचान ताहिर खोजा, खालिक शेख और फरीद अहमद के रूप में हुई है। ये तीनों कारनाह के रहने वाले थे।