पुलिस ने हथियारों के साथ तीन आरोपियों को पकड़ा है। आरएस पुरा थाने में एसपी मुख्यालय जम्मू रमेश कोतवाल ने पत्रकार वार्ता में इसकी जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि आरोपियों से दो रिवाल्वर, दस कारतूस और एक टोका बरामद किया गया है।
कोतवाल ने बताया कि शुक्रवार शाम को गांव चौहाला की गत्ता फैक्टरी के पास नाका लगाया गया था। इसी दौरान बाइक जेके 02 एएन 6069 पर सवार सन्नी कुमार निवासी आरएस पुरा वार्ड 4, संजीव कुमार उर्फ मुन्ना निवासी चक्क इस्लाम, बसीम खान उर्फ विक्कू निवासी वार्ड 9 बिश्नाह को रोका गया।
तलाशी में उनसे हथियार बरामद किया गया। पुलिस का कहना है कि यह तीनों किसी वारदात को अंजाम देने के लिए कहीं जा रहे थे। पुलिस को मिली अहम जानकारी के बाद नाका लगाया गया था। कोतवाल ने बताया कि सन्नी पर वर्ष 2016 में नारकोटिक्स के मामले में आरोपी होने पर पीएसए लगाया गया था।
वहीं इस मामले में आरएस पुरा पुलिस द्वारा एफआईआर 267 /2017 /3/ 25, 4/25 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। पत्रकार वार्ता में एसडीपीओ आरएस पुरा सुरेंद्र चौधरी, थाना प्रभारी आरएस पुरा बिश्नेष भगत भी मौजूद थे।