रामबन जिले में एक कमरे के कच्चे घर में रात को सोए परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। जिले में बर्फबारी से हुई कड़ाके की ठंड के बीच दो बेटियों समेत दंपती की मौत का कारण दम घुटना बताया जा रहा है। इसी कमरे में बंधे कुछ मवेशियों की भी मौत हो गई।
विज्ञापन
हालांकि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। जिले के बनिहाल में बलिहोत क्षेत्र के संदरोत गांव में शनिवार को हुए हादसे में मरने वालों की पहचान चैन सिंह (67), पत्नी शंकरी देवी (62), दोनों बेटियां सोनिका देवी (40) और तीशा देवी (30) के रूप में हुई है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि यह सभी लोग एक कमरे वाले कच्चे घर में सो रहे थे। इसी कमरे में मवेशी भी बंधे थे। इलाका बर्फ से ढका होने की वजह से अत्यधिक ठंड है, ऐसे में माना जा रहा है कि ठंड से बचने के लिए अंगीठी जलाई गई थी।
विज्ञापन
सुबह पड़ोसियों ने जब घर में कोई हलचल होते नहीं देखी तो संदेह होने पर वह घर के भीतर पहुंचे। दंपती और दोनों बेटियां मौके पर बेहोश मिलीं। पुलिस के अनुसार चैन सिंह, पत्नी शंकरी देवी और तीशा की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।