जम्मू एयरपोर्ट पर आने वाले यात्रियों का हवाई जहाज में सफर अब और आसान होगा। यात्री अब जहाज से सीधे टर्मिनल की इमारत तक पहुंच जाएंगे। इसके लिए तीन नए एयरब्रिज एयरपोर्ट पर चालू कर दिए गए हैं। इसके अलावा एयरक्राफ्ट पार्किंग की संख्या में भी इजाफा किया गया है। एक अतिरिक्त टैक्सी लिंक तैयार किया गया है। यह रनवे और एप्रन के बीच बना है।
शुक्रवार को जम्मू एयरपोर्ट पर पहली बार टैक्सी ट्रैक पर हवाई जहाज उतरा गया, जिसे पानी की बौछारों का सैल्यूट दिया गया। ऐसा पहली बार हुआ है। एयरपोर्ट के निदेशक डीके गौतम ने कहा कि जम्मू एयरपोर्ट पर आने वाले यात्रियों को यहां आने पर अब पहले से अधिक सुविधा मिलेगी। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया की ओर से 625 लाख रुपये की लागत से तीन एयरब्रिज शुरू किए गए हैं। एयरपोर्ट के निदेशक ने बताया कि इनका पहले ट्रायल किया गया, जो सफल रहा।
अब इन्हें पूर्ण रूप से इस्तेमाल में दे दिया गया है। बोर्डिंग गेट की संख्या भी दो से तीन कर दी गई है। इससे एक समय पर पांच फ्लाइट की बोर्डिंग और डी बोर्डिंग हो सकेगी। इसमें यात्रियों को फ्लाइट का इंतजार करने के लिए पर्याप्त स्थान मिलेगा। पहले फ्लोर पर यात्रियों के लिए कई रिटेल आउटलेट भी खोले गए हैं। यहां यात्री शॉपिंग कर सकते हैं और खानपान भी कर सकते हैं।
यात्रियों के आवागमन के लिए अलग से एस्केलेटर और एलीवेटर उपलब्ध है। पांच करोड़ की लागत से एक अतिरिक्त टैक्सी लिंक भी तैयार किया गया है। जो पार्किंग और रनवे से जोड़ा गया है। इससे रनवे पर आने वाले हवाई जहाजों को कम दायरा कवर करना पड़ेगा। इससे एयरक्राफ्ट की पार्किंग 6 से बढ़कर 7 हो गई है। हेलीकॉप्टर के लिए भी दो अतिरिक्त पार्किंग तैयार की गई है।