अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जम्मू फ्लोर मिल्स में गबन करने वाले तीन मुख्य आरोपियों को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया। मुख्य आरोपी क्षेत्रीय सेल्समैन, बिलिंग क्लर्क और अकाउंटेंट हैं। इन कर्मचारियों ने सुनियोजित साजिश के साथ दो करोड़ रुपये से अधिक का गबन किया था।
जम्मू फ्लोर मिल्स के प्रबंध साझेदार अरुण महाजन ने क्राइम ब्रांच में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके आधार पर यह मामला दर्ज हुआ था। इस मामले में क्राइम ब्रांच ने दीक्षांत आनंद निवासी रैंबल उधमपुर, नरिंदर चोपड़ा निवासी लखदत्ता बाजार जम्मू और अमित शर्मा निवासी प्रीत नगर जम्मू को गिरफ्तार किया है। अपराध शाखा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बेनाम तोष ने इन तीनों मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। इनसे पूछताछ चल रही है।
क्राइम ब्रांच के अनुसार शिकायतकर्ता ने चार्टर्ड अकाउंटेंट से आटा मिलों के खातों का व्यापक ऑडिट करवाया। इसमें आरोपियों द्वारा अपनाई गई कार्यप्रणाली सहित चौंकाने वाले खुलासे हुए। आरोपी एनईएफटी लेन-देन को असंबंधित पार्टियों में डायवर्ट करते थे और नकद लेन-देन के लिए वे कम बिलिंग करते थे और बड़ी रकम का गबन करते थे।
फर्जी नामों पर सामान बेचा
आरोपियों ने फर्जी पार्टियां बना रखी थीं। फर्जी नामों से कई खुदरा विक्रेताओं को सामान बेचा गया। यहां तक कि जम्मू फ्लोर मिल्स द्वारा जिन पार्टियों को सामान की आपूर्ति की गई, उनसे बुक ऋण भी वसूल लिया।
रिश्तेदारों के बैंक खातों में भी धन ट्रांसफर
ऑडिट में यह भी पता चला है कि जम्मू फ्लोर मिल्स के भुगतान को आरोपियों ने अपने परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और दोस्तों के बैंक खातों में भी धन ट्रांसफर किया था।