एलओसी पर जिले के केरी सेक्टर में शनिवार को पाक सेना की गोलाबारी में एक मेजर और चार जवान शहीद हो गए। भारतीय सेना ने गोलाबारी का मुंहतोड़ जवाब दिया है। पाक की ओर से लगातार तीसरे दिन शनिवार को भी एलओसी पर गोलाबारी की गई। माना जा रहा है कि पाक सेना ने आतंकवादियों की घुसपैठ कराने के प्रयास के तहत ताबड़तोड़ फायरिंग की।
इस दौरान सेना की पेट्रोल पार्टी को निशाना बनाया गया। राजोरी पुलिस थाने व चिंगस पुलिस चौकी के अंतर्गत पड़ने वाले केरी सेक्टर स्थित भारतीय सेना की अग्रिम पोस्ट बराट गाला में शनिवार को दोपहर बाद करीब डेढ़ बजे पाक सेना ने संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए भारतीय सेना को निशाना बनाया। इसमें भारतीय सेना के चार जवान शहीद हो गए, जिसमें एक मेजर रैंक का अधिकारी भी शामिल है।
सेना के प्रवक्ता के अनुसार पाक गोलाबारी में सेना की 2 सिख के मेजर मोहारकर प्रफुल्ल अम्बा दास निवासी भंडारा महाराष्ट्र, लांसनायक गुरमेल सिंह निवासी अमृतसर पंजाब और सिपाही प्रगाट सिंह निवासी करनाल हरियाणा शहीद हो गए हैं। उधर, घायल सैन्य जवान लांसनायक गुरमीत सिंह ने भी शाम को दम तोड़ दिया।
सैन्य सूत्रों ने जताई बैट हमले की आशंका
केरी सेक्टर में एक मेजर सहित चार जवानों के शहीद होने के मामले में भारतीय पोस्ट पर बैट हमले की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, सेना व पुलिस इस संबंध में कुछ भी बताने को तैयार नहीं है, लेकिन सैन्य सूत्रों की मानें तो पाक की बैट टीम ने भारतीय क्षेत्र में घुसकर बैट हमले को अंजाम दिया है।
#FLASH Three jawans killed, including an officer, and one injured in ceasefire violation by Pakistan in Keri (120 Infantry Brigade) Batallion Area, J&K pic.twitter.com/C3TVcXWjTM
— ANI (@ANI) December 23, 2017