सांबा। घगवाल के अंतर्गत आने वाले रेई मोड़ पर शुक्रवार को एक बाइक बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिससे बाइक पर सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार देकर जम्मू रेफर कर दिया गया।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार की शाम को कठुआ की ओर से आ रहे एक बाइक (जेके08ए-7728) जैसे ही घगवाल के निकट रेई मोड़ पर पहुंची तो एक मवेशी को बचाने के चक्कर में बाइक डिवाइडर से जा टकराई। इस हादसे में बाइक पर सवार सुनील कुमार (32), किशोर कुमार (30) दोनों निवासी जखबढ़ के अलावा एक अन्य घायल हो कया। तीसरे घायल की पहचान नहीं हो पाई है।
स्थानीय लोगों की सहायता से पुलिस ने घायलों को एक्सीडेंटल अस्पताल घगवाल पहुंचाया। डॉक्टरों ने फौरी उपचार देकर घायलों को जम्मू मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया, पुलिस ने मामला दायर कर लिया है।