गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर आतंकियों ने घाटी में पांच जगह ताबड़तोड़ ग्रेनेड हमले किए। इस हमले में जम्मू कश्मीर पुलिस के एक जवान समेत एक नागरिक के घायल होने की सूचना है। इसी के साथ सुरक्षाबलों ने पुलवामा, सोपोर और अनंतनाग में घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम लगातार आतंकियों ने ताबड़तोड़ तीन हमले किए जिसमें पुलवामा और सोपोर में सीआरपीएफ कैंप को निशाना बनाया गया। वहीं अनंतनाग में जम्मू-कश्मीर पुलिस की पेट्रोलिंग पार्टी को आतंकियों ने निशाना बनाया।
पुलवामा के तहब इलाके में संदिग्ध आतंकी ने जवानों पर फायरिंग भी की और सैनिक शिविर के नजदीक ग्रेनेड हमला भी किया। वहीं शाम के वक्त कश्मीर घाटी में आतंकियों द्वारा चौथा हमला किया गया। बताया जा रहा है कि आतंकियों ने यहां एसएसबी कैंप को निशाना बनाया है। यह हमला श्रीनगर के मेहजूरनगर बुंड इलाके में हुआ है।
हमले में पेट्रोल बम का इस्तेमाल किया गया है। वहीं मंडोरा त्राल में भी आतंकी हमला होने की जानकारी मिली है। वहीं संदिग्ध आतंकियों ने शोपिया में पलाटून पोस्ट पर ग्रेनेड से छठा हमला किया। इस हमले में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।