जम्मू। प्रदेश में कोरोना संक्रमित मामलों में फिर उछाल आने लगा है। वीरवार को 87 नए मामले सामने आए जिसमें कश्मीर संभाग से 76 मामले हैं। पिछले चौबीस घंटे में कश्मीर में तीन लोगों की कोविड संक्रमण से मौत हो गई। लंबे समय बाद एकसाथ तीन मौतें हुई हैं। राहत यह है कि प्रदेश के विभिन्न अस्पतालों में 53 संक्रमित मरीज ठीक हुए हैं। इसमें कश्मीर संभाग से 34 मरीज हैं। पिछले कुछ दिनों से जम्मू संभाग के जिला कठुआ, रामबन और रियासी कोविड मुक्त चल रहे हैं। इन जिलों में कोई नया संक्रमित मामला नहीं मिला है। प्रवेशदार लखनपुर पर यात्रियों की रैपिड एंटीजन कोविड टेस्टिंग जारी है। इसके अलावा राजोरी, डोडा, सांबा, किश्तवाड़ में 1 से 5 के बीच में ही सक्रिय मामले हैं। कश्मीर संभाग में कुपवाड़ा जिले में सबसे कम 5 मामले सक्रिय हैं। कश्मीर संभाग में लगातार संक्रमित मामले मिल रहे हैं। जिला जम्मू में 11 नए संक्रमित मामले मिले, जबकि कश्मीर में 48 नए मामले मिले हैं। प्रदेश में अब तक 1954 लोगों की कोविड से मौत हो चुकी है, जिसमें कश्मीर संभाग से 1229 मौतें हुई हैं। प्रदेश में वर्तमान में 688 सक्रिय मामले हैं।
3002 चिकित्सा कर्मियों को वैक्सीन
जम्मू। जम्मू कश्मीर में वीरवार को 3002 चिकित्सा कर्मियों को कोविड वैक्सीन दी गई, जबकि फ्रंटलाइन वर्करों में 14862 कर्मियों को वैक्सीन दी गई। चिकित्सा कर्मियों के लिए वैक्सीन देने की अंतिम तिथि 20 फरवरी को रखी गई है। मार्च में सामान्य लोगों को वैक्सीन देने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए कार्य योजना तैयार कर ली गई है। अब तक 52 फीसदी से अधिक चिकित्सा कर्मियों को कोविड वैक्सीन दी जा चुकी है।