सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां, ग्रामीण स्तर की खेल प्रतियोगिताएं भी हुईं
संवाद न्यूज एजेंसी
रियासी। रियासी जिले की तहसील भमाग के गांव सुरजनधार में स्थित प्रसिद्ध श्री नाग देवता धार्मिक स्थल पर शुक्रवार को तीन दिवसीय वार्षिक मेले का शुभारंभ हुआ। सुबह पारंपरिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर क्षेत्र में सुख-समृद्धि और आपसी भाईचारे की कामना की गई, जिसके बाद एडीडीसी कृष्ण लाल ने गणमान्य लोगों की उपस्थिति में मेले का औपचारिक उद्घाटन किया।
मेले के पहले दिन स्थानीय कलाकारों और स्कूली बच्चों ने रंगारंग प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। डोगरी, हिंदी और पंजाबी गानों व नृत्यों ने पूरे माहौल को संगीतमय बना दिया। इस दौरान ग्रामीण स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में भी स्थानीय खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
आयोजकों ने बताया कि तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन के अंतिम दिन यानी रविवार को एक विशाल दंगल का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देश के विभिन्न हिस्सों से आए नामी पहलवान अपने कुश्ती के दांव-पेंच दिखाएंगे। इस धार्मिक और सांस्कृतिक मेले में आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।