पीडीपी और श्रीनगर के सांसद के तौर पर इस्तीफा दे चुके तारिक हमीद कर्रा कांग्रेस में शामिल होने के बाद श्रीनगर लोकसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार हो सकते हैं। कर्रा के कांग्रेस में शामिल होने की तारीख और पार्टी में उनकी जिम्मेदारी पर केंद्रीय नेतृत्व के साथ कर्रा की बातचीत का दौर जारी है।
पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इतना तय है कि पूर्व सांसद एवं रियासत के वित्त मंत्री रह चुके तारिक हमीद कर्रा जल्द कांग्रेस पार्टी में शामिल हो जाएंगे। पार्टी में उनकी क्या जगह होगी, इसके लिए बातचीत का दौर जारी है।देश में कई राज्यों में विधानसभा चुनाव चल रहे हैं और पार्टी के केंद्रीय नेता प्रचार अभियान में व्यस्त हैं।
11 मार्च के बाद कर्रा कभी भी पार्टी में शामिल हो सकते हैं और इस कार्यक्रम में जाने-माने कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता भी हिस्सा लेंगे। कांग्रेस में शामिल होने के बाद कर्रा को प्रदेश पार्टी संगठन में अहम जिम्मेदारी दी जा सकती है। कश्मीर में नौ जुलाई के बाद रहे हालात और सरकार पर निशाना साधते हुए श्रीनगर लोकसभा सीट से पीडीपी सांसद के तौर पर इस्तीफा दे चुके कर्रा श्रीनगर सीट से ही कांग्रेस प्रत्याशी हो सकते हैं।