रियासी। नगर के मुख्य बाजार वार्ड नंबर चार में शुक्रवार व शनिवार की मध्य रात्रि को चोरों ने एक दुकान के शटर के ताले तोड़ कर भीतर रखे लगभग साठ हजार रुपये के नोटों के हार ले फरार हो गए।
दुकानदार अशोक कुमार को सुबह होने पर दुकान में चोरी होने का पता चला। उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने सीसीटीवी की फुटेज को भी देखा। दुकानों पर लगे हुए कैमरे में एक युवक दुकान पर लगे ताले तोड़ते हुए दिख रहा है। बारी-बारी से युवक ने दोनों तालों को तोड़ा व दुकान के अंदर प्रवेश किया।
बाद में युवक को बाजार से निकल कर जनाना पार्क की तरफ जाने वाले पिछली गली में जाते हुए भी कैमरे में देखा गया। पुलिस सीसीटीवी से पाई गई फुुटेज के आधार पर कार्रवाई करने में जुट गई है। उक्त दुकान में कुछ वर्ष पहले भी चोरों ने सेंध लगाई थी। तब भी नोटों के हार चुराए गए थे।
मंदिर के पास गश्त लगाने की मांग
रियासी। सीसीटीवी में एक युवक ताले तोड़ कर चोरी करता हुुआ स्पष्ट दिखाई दे रहा है। इस दौरान बाजार में कुत्ते उक्त युवक को पीछा करते हुए दिखाई दे रहे हैं। एक बार युवक कुत्तों के डर से पीछे हुआ भी। उसके बाद उसने फिर से दुकान के ताले तोड़ने का काम शुरू कर दिया। गौरतलब है कि जिस जगह पर दुकान है, दिन के समय काफी लोगों की आवाजाही रहती है। दुकान के पास ही भगवान गणेश का मंदिर है, जहां चोर तीन दफा चोरी की घटना को अंजाम दे चुके हैं। शुक्रवार व शनिवार की मध्य रात्रि को हुई चोरी की घटना के बाद स्थानीय दुकानदारों ने मंदिर के पास गश्त लगाने की मांग की।