- विदेश में बेचने से पहले ही एक करोड़ की कीमत का सामान किया बरामद
- अक्तूबर में मोबाइल टावर से चुराए उपकरण व दिसंबर में बिजली विभाग में हथियारों के दम पर लूट
जम्मू। एनसीआर से संचालित गिरोह जम्मू में रेकी और फिर वारदात कर रहा था। चार महीने में एक बड़ी चोरी और लूट को अंजाम दे चुका था। आरोपी इतने शातिर थे कि वारदात के सामान को विदेश तक बेच रहे थे। पुलिस ने जांच के बाद संगठित गिरोह का खुलासा किया है। आरोपियों में नाबालिग सहित सात लोग शामिल हैं। गिरोह ने मोबाइल टावर से कीमती उपकरण चुराने के अलावा बिजली विभाग में हथियारों के दम पर लूट की थी। दोनों वारदात में लगभग एक करोड़ का कीमती सामान बरामद कर लिया है।
आरोपी पहले रेकी करते थे, फिर चोरी व लूट को अंजाम देते थे। इसके बाद सामान को अलग-अलग जगहों पर छिपाया जाता था। एसपी साउथ अजय शर्मा ने मंगलवार को गांधीनगर पुलिस स्टेशन में बताया कि शातिर सुनियोजित तरीके से वारदात करते थे। एनसीआर में टेलीकॉम उपकरणों की चोरी करने वाले मुख्य गिरोह ने कई छोटे गिरोह बनाए हैं, जो अपने इलाकों में चोरी कर सामान आगे भेजते हैं। इसके बाद मुख्य गिरोह उपकरणों को विदेश में बेचता था। पहला मामला अक्तूबर का है जब गांधीनगर में मोबाइल टावर से कीमती उपकरण चोरी हो गए। इस कारण कुछ समय के लिए संचार सेवाएं तक प्रभावित हो गईं थी। दूसरा मामला दिसंबर का है जब नानक नगर स्थित जेपीडीसीएल के डिविजनल स्टोर में हथियारों से लैस बदमाशों ने बिजली का सामान लूट लिया।
ऐसे जुड़े मामलों के तार
दोनों मामलों की जांच शुरू हुई लेकिन तकनीकी विश्लेषण और ग्राउंड इनपुट के बाद घटनाओं के तार आपस में जुड़ गए। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज की। चौकीचोरा में नाके के दौरान आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद निशानदेही पर टेलीकॉम उपकरण, 20 टन बिजली तार, केबल, इंसुलेटर, दो हथियार और तीन वाहन बरामद किए। एसपी ने कहा कि सिर्फ टेलीकॉम उपकरणों की कीमत 70 लाख रुपये है जबकि कुल बरामदगी एक करोड़ रुपये से ज्यादा की है।
रघुनाथ बाजार, बेलीचराना व नेहरू मार्केट में रह रहे थे आरोपी
गिरोह के सदस्य अलग-अलग जिलों से हैं। वारदात को अंजाम देने के लिए शहर व आसपास के इलाकों को ठिकाना बनाया था। जांच में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से सक्रिय थे और संगठित तरीके से काम करते थे। भद्रवाह के रहने वाले सद्दाम हुसैन जरगर और जहांगीर अहमद बट न्यायिक हिरासत में हैं। दोनों रघुनाथ बाजार में होटल के पास किराये पर रह रहे थे। लूट मामले में सोफियान उर्फ थापा पहलवान निवासी डोडा वर्तमान निक्की तवी (बेलीचराना), शहबाज हुसैन निवासी पुल तवी (नेहरू मार्केट), फरीद अली निवासी विजयपुर (सांबा), अब्दुल लतीफ उर्फ लैफी निवासी रंगूरा (जम्मू) को गिरफ्तार किया है।