सांबा पुलिस की चोरों पर बड़ी कार्रवाई, चार मामले सुलझाने का किया दावा
सांबा, कठुआ, पंजाब और उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किए गए आरोपी
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। पुलिस ने चोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए वीरवार को छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही पूछताछ करने पर उनकी निशानदेही से करीब 10 तोले सोने के आभूषण पुलिस ने बरामद किए हैं।
एसएसपी बेनाम तोश के अनुसार पुलिस ने 6 चोरों को गिरफ्तार कर चोरी के चार मामलों को सुलझाया है, और 5.40 लाख रुपये के सोने के आभूषण और कुछ अन्य चोरी का सामान बरामद किया है। आरोपियों की पहचान महबूब अख्तर निवासी डोडला बसोहली कठुआ, मनी लाल निवासी गुरदासपुर पंजाब, राहुल अंबादास राउत उर्फ नैना निवासी महाराष्ट्र (अब सुंदरबनी राजोरी), विकास कुमार निवासी गुरदासपुर पंजाब, अमन संब्याल निवासी डंसाला मंडी सांबा और मुजीब निवासी समरगार्डन फुटा फतेउल्लाहपुर रोड मेरठ (उ.प्र.) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार कि पीएसआई दीपक शर्मा, विक्रांत कोतवाल, थाना प्रभारी रामगढ़ सुदेश कुमार और थाना प्रभारी सांबा राजेश्वर सिंह के नेतृत्व में गठित टीमों ने मेरठ (यूपी), गुरदासपुर (पंजाब), सांबा और कठुआ के विभिन्न स्थानों से गिरफ्तारियां की हैं। एसडीपीओ विजयपुर प्रियंका कुमारी, डीएसपी मुख्यालय मो. उस्मान और अतिरिक्त एसपी सांबा सुरिंदर चौधरी की देख रेख में गिरफ्तारियों को अंजाम दिया गया है।
डेढ़ महीने में 45 चोर पकड़ने का दावा
एसएसपी ने बताया कि सांबा में पुलिस ने डेढ़ महीने के भीतर 45 चोरों को गिरफ्तार किया है, और चोरों के खिलाफ अभियान के दौरान चोरी के 22 मामलों का पर्दाफाश कर सोने-चांदी के आभूषण समेत अन्य सामान बरामद किया है। चोरी के सभी मामलों में और भी गिरफ्तारियां और बरामदगी की उम्मीद है।