जम्मू। जिले में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर को भांपते हुए जीएमसी और अन्य एसोसिएटेड अस्पतालों के चिकित्सा स्टाफ के कोविड एंटीबाडी टेस्ट करवाने की तैयारी की जा रही है। इसके तहत तीन हजार से अधिक कर्मियों का परीक्षण होगा। यह प्रक्रिया नवंबर के मध्य तक चलेगी। एक हफ्ते के भीतर इसे शुरू किया जाएगा। एसोसिएटेड अस्पतालों में कई कोविड अस्पतालों के दर्जनों चिकित्सा कर्मी संक्रमित हुए हैं। इनमें डॉक्टर और पैरा मेडिकल स्टाफ शामिल हैं।
स्वास्थ्य विभाग के जीएमसी, एसएमजीएस, सीडी, साइकाइटरी अस्पताल, सुपर स्पेशियलिटी, गांधीनगर के नए जच्चा बच्चा अस्पताल में कार्यरत चिकित्सा कर्मचारियों के कोविड एंटीबाडी टेस्ट किए जाएंगे। इसमें देखा जाएगा कि इन कर्मियों के शरीर में कोविड से लड़ने के लिए आईजीजी (इम्यूनो ग्लोबलेन्स ग्लोबोलिन) एंटीबाडी कितनी विकसित हो पाई है। हाल ही में जम्मू जिले में सिरो सर्वे भी हुआ है, जिसमें 8.2 फीसदी लोगों में ही ये एंटीबाडी विकसित पाई गई है। एंटीबाडी विकसित होने के मामलों में अधिकतर वे होते हैं जो बिना कोविड लक्षण के हैं और संक्रमित होकर खुद ही ठीक हो गए।
छह माह में कई चिकित्साकर्मी हुए संक्रमित
पिछले छह महीने में जीएमसी, एसएमजीएस, सीडी, सुपर स्पेशियलिटी और गांधीनगर के नए जच्चा बच्चा अस्पताल के दर्जनों डॉक्टर और पैरा मेडिकल स्टाफ संक्रमित हुए हैं। इनमें कई कर्मचारियों की जान भी गई है। गत दिनों जीएमसी में एक सीनियर स्टाफ नर्स की मौत हुई थी। वहीं बीते दिनों बिश्नाह में कार्यरत एक चिकित्सा कर्मी की मौत हुई।