हिंदू छात्रों को उचित प्रतिनिधित्व न मिलना
श्री माता वैष्णो देवी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एक्सीलेंस कटड़ा में हिंदू छात्रों को उचित प्रतिनिधित्व न मिलना श्राइन बोर्ड की गलती है। समाज के बच्चों के साथ जालसाजी क्यों हुई, इस पर ध्यान देने की जरूरत है। यह बात राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय सह प्रचार प्रमुख नरेंद्र ठाकुर ने कही।
वह त्रिकुटा नगर स्थित भारत माता मंदिर में हिंदू सम्मेलन में पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि हिंदुओं की तरफ से स्थापित, दान व चढ़ावा की राशि से बनाए गए संस्थानों में हिंदुओं को बढ़ावा मिलना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि घर का माहौल सनातन परंपरा के अनुसार होना जरूरी है। परिवार के साथ रहने की कैसी व्यवस्था है उस पर ध्यान देने की जरूरत है।
घर पर हिंदी या डोगरी में परिवार के सदस्य बैठकर बातें करें तो भाषा व संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा। सभी सदस्य एक साथ भोजन करें। हमें समाज में समरसता लाने के लिए प्रयास करना होगा जिसमें सभी की सहभागिता जरूरी है। श्री माता वैष्णो देवी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एक्सीलेंस मेंं हिंदू छात्रों को कम सीटों पर प्रवेश देने पर कहा कि ऐसा नहीं होना चाहिए था।
हिंदू समाज के छात्रों को उचित प्रतिनिधित्व कैसे मिले इस विषय में श्राइन बोर्ड निर्णय लेता। इस दौरान बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले युवकों और युवतियों को सम्मानित किया गया। यहां प्रमुख रूप से आचार्य वेद शास्त्री, महंत अनिरुद्ध, स्वदेशी जागरण मंच के संपर्क प्रमुख अजय सिंह चंदेल, प्रचार प्रमुख दिलीप मौजूद थे।