राज्य के दो केंद्र शासित प्रदेशों में विभाजित होने से एक दिन पहले राज्यपाल सत्यपाल मलिक के सलाहकार सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी के विजयकुमार ने कार्यकाल पूरा करने के बाद अलविदा कह दिया।
विजय कुमार ने ट्विटर पर लिखा कि उनके इस्तीफे को लेकर अटकलों का बाजार गरम था। लिखा कि सलाहकार के रूप में मेरा कार्यकाल समाप्त हो रहा है और मैं अपने कार्यकाल की अच्छी यादें लेकर यहां से जा रहा हूं।
राज्यपाल, मेरे सभी साथी सलाहकारों को मेरी शुभकामनाएं। उन्होंने अपने समर्थन के लिए प्रधानमंत्री कार्यालय और गृह मंत्री के कार्यालय को धन्यवाद देने के अलावा प्रशासन और सुरक्षा बलों, विशेष रूप से जम्मू-कश्मीर पुलिस को अपनी शुभकामनाएं दीं।
हालांकि संभावना है कि कुमार वीरवार को जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल के रूप में गिरीश चंद्र मुर्मू के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हो सकते हैं। जिसके बाद वह दिल्ली लौटेंगे। उन्हें पिछले साल जून में जम्मू.कश्मीर के राज्यपाल का सलाहकार नियुक्त किया गया था।
इसबीच सरकार की ओर से भी स्पष्ट किया गया कि विजय कुमार ने इस्तीफा नहीं दिया है। चूंकि उनका कार्यकाल राज्यपाल सत्यपाल मलिक के कार्यकाल तक था। ऐसे में उनका कार्यकाल पूरा हो गया है। मालूम हो कि राज्यपाल सत्यपाल मलिक को गोवा की जिम्मेदारी दी गई है।
-वीरप्पन के सफाए के बाद सुर्खियों में आए थे
अक्तूबर 2004 में खूंखार चंदन तस्कर वीरप्पन को मारने वाले स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) का नेतृत्व करने के बाद विजय कुमार सुर्खियों में आए थे।