विश्व कैंसर दिवस : महाराजा हरि सिंह फाउंडेशन ने किया जागरूकता कार्यक्रम
आरएस पुरा। विश्व कैंसर दिवस पर मंगलवार को महाराजा हरि सिंह फाउंडेशन की ओर से आरएस पुरा उपजिला अस्पताल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजन किया गया। इस दौरान आंगनबाड़ी वर्करों ने रैली निकालकर लोगों को कैंसर के प्रति जागरूक किया।
इस दौरान आरएस पुरा-जम्मू साउथ विधायक डॉ. नरेंद्र सिंह रैना, सुचेतगढ़ विधायक प्रो. गारू राम भगत, महाराजा हरि सिंह फाउंडेशन की डॉ. कुंवररानी रीतू सिंह, एसडीएम सीमा परिहार, डाॅ. राकेश गुप्ता, एचओडी स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट, डॉ. पारस खन्ना, डॉ. नवनीत कौर, डिप्टी डायरेक्टर शेड्यूल डॉ. पूनम सेठी, बीएमओ डॉ. ईला और डाॅ. मोनिका कोतवाल मुख्य रूप से मौजूद रहे। उन्होंने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।
रैली आरएस पुरा मुख्य बाजार से होते हुए अस्पताल परिसर में संपन्न हुई। इससे पूर्व एचओडी कैंसर इंस्टीट्यूट डॉ. राकेश गुप्ता ने कहा कि चार तरह के कैंसर होते हैं। इसमें दो महिलाओं और दो पुरुषों में मिलते हैं। इसमें महिलाओं में सबसे ज्यादा सर्वाइकल कैंसर है। सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए छह से 12 साल की किशोरियों को वैक्सीन लगवाना बेहद जरूरी है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से वैक्सीन लगवाई जा रही है।
महाराजा हरि सिंह फाउंडेशन की डॉ. कुंवररानी रीतू सिंह ने विश्व कैंसर दिवस पर कार्यक्रम में कहा कि आज कैंसर जैसी घातक जानलेवा बीमारी सबसे अधिक महिलाओं में देखी जा रही है। महिलाओं में स्तन कैंसर और बच्चेदानी में कैंसर के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। इसलिए बहुत जरूरी हो गया है कि महिलाएं इसके बारे में जाने और सावधान रहें। संवाद