पंचैरी में आयोजित स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता में भाग लेने वाले बच्चों को सम्मानित करते अधिकारी।
उधमपुर। आईसीडीएस विभाग की ओर से पंचैरी में स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें बच्चों ने प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिला कार्यक्रम अधिकारी पोषण सुभाष चंद्र डोगरा ने सीडीपीओ पंचैरी और सीडीपीओ उधमपुर की उपस्थिति में किया। प्रतियोगिता का आयोजन उपायुक्त के मार्गदर्शन और निर्देशों के तहत किया गया। कार्यक्रम में आरबीएसके टीम पंचैरी की डॉ. ईशा ने शिशु स्वास्थ्य, गर्भवती और स्तनपान कराने वाली माताओं पर व्याख्यान दिया। अधिकारियों ने बताया कि इस कार्यक्रम को पहले आंगनबाड़ी केंद्र स्तर, पंचायत स्तर और सेक्टर स्तर पर आयोजित किया गया था। सबसे स्वस्थ बच्चों को परियोजना स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए चुना गया। बच्चों के मध्य मेंढक कूद, चम्मच दौड़, गायन प्रतियोगिता और नृत्य प्रतियोगिता जैसी कई गतिविधियां आयोजित की गईं और सर्वश्रेष्ठ चुने गए बच्चों को पुरस्कार देकर पुरस्कृत किया गया।
सभी भाग लेने वाले बच्चों को सांत्वना पुरस्कार वितरित किए गए। इस अवसर पर अभिभावकों को सलाह दी गई कि वे अपने बच्चों को संतुलित आहार उपलब्ध कराएं।
इस अवसर पर पंचैरी कस्बे के पर्यवेक्षक, एचएनएम, अभिभावक और स्थानीय लोग भी उपस्थित थे।