प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मौसम सामान्य होने तक बिना जरूरी कारण घरों से बाहर न निकलें। साथ ही नदी-नालों, बाढ़ प्रभावित इलाकों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें। लोगों को जलभराव वाली सड़कों और पुलों को पार न करने तथा मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
राजोरी पुलिस ने भी चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि लगातार हो रही बारिश के कारण जिले की नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है। ऐसे में नदी किनारे रहने वाले लोग तुरंत सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं और अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें।
उधर, लगातार बारिश के कारण जम्मू संभाग के कई हिस्सों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। पिछले तीन दिनों से हो रही बारिश, भूस्खलन और फ्लैश फ्लड के खतरे को देखते हुए अमरनाथ यात्रा, माता वैष्णो देवी यात्रा, शिव खोड़ी यात्रा और मचैल माता यात्रा लगातार तीसरे दिन भी स्थगित रही।
अधिकारियों के अनुसार रविवार से अब तक पुंछ, राजोरी और डोडा जिलों में बारिश से जुड़े हादसों में 23 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि सात लोग अब भी लापता हैं। राहत एवं बचाव दल प्रभावित क्षेत्रों में लगातार अभियान चला रहे हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक जम्मू-कश्मीर में मध्यम से भारी बारिश जारी रहने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन या आपदा राहत सेवाओं से संपर्क करने की अपील की है।