अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। राजस्व विभाग में नायब तहसीलदार के 75 पदों पर भर्ती निकली है। जम्मू-कश्मीर सर्विसेज सेलेक्शन बोर्ड (जेकेएसएसबी) ने सोमवार को इसके लिए विज्ञापन जारी कर दिया। इन पदों पर सीधी भर्ती होगी। बोर्ड की तरफ से उम्मीदवारों से ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं। आवेदन आगामी 16 जून से किया जा सकेगा। आवेदन करने की अंतिम तिथि 15 जुलाई रखी गई है।
जेकेएसएसबी के सचिव अतुल कुमार के अनुसार जिन पदों के लिए भर्ती निकाली गई है, इनमें से केवल 30 पदों पर ओपन मेरिट के उम्मीदवार आवेदन कर सकेंगे। अन्य पद आरक्षण से भरे जाएंगे।
बोर्ड की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार छह पद अनुसूचित जाति (एससी), आठ पद अनुसूचित जनजाति (एसटी-1), इतने ही पद एसटी-2, छह पद अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी), तीन पद वास्तविक नियंत्रण रेखा/अंतर्राष्ट्रीय सीमा के नजदीक रहने वालों (एएलसी), सात पद सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वालों (आरबीए) और सात पद आर्थिक रूप से कमजोर (ईडब्ल्यूएस) वर्ग के लिए आरक्षित किए गए हैं।
चयन के लिए उर्दू में काम-काज की जानकारी जरूरी
नायब तहसीलदार के यूटी कैडर के इस पद पर चयन के लिए एक मापदंड निर्धारित किया गया है। इसके अनुसार अभ्यर्थी के दो पेपर होंगे, पेपर-1 और पेपर-2। पेपर-1 ओएमआर/लिखित परीक्षा होगी। इस लिखित परीक्षा में प्राप्त किए अंकों के आधार पर अभ्यर्थी को पेपर-2 में शामिल होने का मौका मिलेगा। यह क्वालिफाइंग पेपर होगा, जिसमें अभ्यर्थी की उर्दू में काम-काज करने की जानकारी को परखा जाएगा। भर्ती के लिए किसी भी प्रकार की मौखिक परीक्षा या साक्षात्कार नहीं होगा।