फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jammu News: हर हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा पुरमंडल तीर्थ

विज्ञापन
विज्ञापन
देविका से जल लेकर हजारों शिवभक्तों ने निकाली कांवड़ यात्रा, सुबह से ही जुटी कांवडि़यों की भारी भीड़
विज्ञापन



संवाद न्यूज एजेंसी
पुरमंडल। सावन के अंतिम सोमवार के अवसर पर सांबा जिले की धार्मिक एवं ऐतिहासिक नगरी छोटी काशी पुरमंडल में भव्य दिव्य कांवड़ यात्रा निकाली गई। दूर-दराज क्षेत्रों से हजारों की संख्या में शिवभक्त कांवड़िए पुरमंडल तीर्थ पहुंचे। सुबह से हर हर महादेव और बोल बम के जयघोष से इलाका गूंजता रहा।

कांवड़ यात्रा एवं मेले की समस्त व्यवस्थाएं पुरमंडल उत्तरवाहिनी तीर्थ सेवा न्यास की ओर से की गईं। न्यास द्वारा कांवड़ियों के लिए कांवड़ की व्यवस्था, महादेव नाम की टी-शर्ट, जलपान सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई गईं। पवित्र देविका नदी में कांवड़ियों के लिए स्नान एवं कुंड की व्यवस्था भी न्यास के कार्यकर्ताओं द्वारा की गई।
विज्ञापन


सुबह से ही सांबा शहर, रामगढ़, तिरिण्डिया, बढ़ौरी, देवन, पंचोली, खड़ा मढ़ाना सहित जिले के विभिन्न गांवों और दूर-दराज क्षेत्रों से कांवड़ियों का पुरमंडल पहुंचना शुरू हो गया था। हजारों की संख्या में पहुंचे शिवभक्तों ने सबसे पहले मां देविका के पवित्र जल में स्नान किया। इसके पश्चात श्रद्धालुओं ने उमापति महादेव के दर्शन कर अपनी-अपनी कांवड़ की विधिवत पूजा-अर्चना की और महादेव के नाम का संकल्प लिया।

इस अवसर पर न्यास की ओर से मां देविका एवं भगवान महादेव की आरती भी की गई। धार्मिक वातावरण में मंत्रोच्चार और जयकारों के बीच कांवड़ियों ने देविका से पवित्र जल अपनी कांवड़ में भरा और अपने-अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान किया।

कांवड़ियों के प्रस्थान के दौरान न्यास के कार्यकर्ताओं, ग्रामवासियों एवं समाज के लोगों ने मार्ग में फूलों की वर्षा कर कांवड़ियों का भव्य स्वागत किया। डीजे की भक्तिमय धुनों पर कांवड़िए जमकर झूमे और नृत्य करते हुए भक्ति के रंग में रंगे नजर आए। चारों ओर उत्साह, उमंग और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला।

इस भव्य कांवड़ यात्रा में छोटे बच्चों से लेकर मातृशक्ति, बुजुर्गों और हजारों की संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। हर आयु वर्ग के लोग महादेव की भक्ति में लीन नजर आए।
विज्ञापन

गांव-गांव जाकर किया जलाभिषेक

कांवड़ियों ने कहा कि पुरमंडल से कांवड़ उठाकर यह यात्रा उनके लिए एक अलग और अद्भुत आध्यात्मिक अनुभूति है। एक बाल कांवड़िए ने बताया कि वह देविका का पवित्र जल लेकर सांबा के आर्मी क्षेत्र में स्थित महेश्वर महादेव का जलाभिषेक करने के लिए जा रहा है। वहीं, कई श्रद्धालु अपने-अपने शिवालयों तक पहुंचने के लिए 10, 30 और 40 किलोमीटर तक की पैदल यात्रा पर निकले। कांवड़ियों के कदमों में थकान नहीं, बल्कि महादेव के प्रति अटूट श्रद्धा और उत्साह दिखाई दिया। कांवड़िये बोल बम, हर हर महादेव के जयकारे लगाते हुए अपने गंतव्य की ओर बढ़ते रहे। पुरमंडल में आयोजित इस कांवड़ यात्रा ने जिले में धार्मिक एकता, आस्था और सनातन परंपरा की एक शानदार तस्वीर प्रस्तुत की। श्रद्धालुओं का कहना था कि छोटी काशी पुरमंडल से शुरू हुई यह भव्य कांवड़ यात्रा आने वाले वर्षों में और भी विराट रूप लेगी तथा जम्मू-कश्मीर में अपनी एक अलग पहचान बनाएगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें