जम्मू। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) आयुक्त का पद तीन महीने से खाली पड़ा है। यह नियुक्ति कब होगी इस बारे में कोई समयसीमा तय नहीं है।
सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत यह जानकारी दी गई है। जम्मू निवासी आरटीआई कार्यकर्ता रमन कुमार शर्मा ने अप्रैल में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग में दो आवेदन किए थे।
इसमें पूछा गया था कि फरवरी में हशमत अली की सेवानिवृत्ति के बाद से एफएसडीए में आयुक्त पद पर किसकी नियुक्ति की गई। यह भी पूछा गया कि उनके स्थान पर नए अधिकारी की नियुक्ति में देरी का क्या कारण है? मांगी गई सूचना पर बताया गया कि स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग ने आवेदनों को खाद्य सुरक्षा विभाग को स्थानांतरित कर दिया है। पद अभी भी खाली है और मामला सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) के पास है। एफएसडीए आयुक्त खाद्य सुरक्षा कानूनों को लागू करने, लाइसेंस देने, निरीक्षण और जनता को सुरक्षित और गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदार होते हैं।
जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन अधिनियम (संशोधित) के अनुसार उपराज्यपाल को आईएएस अधिकारियों को स्थानांतरित करने की शक्ति दी गई है, जबकि जम्मू-कश्मीर प्रशासनिक सेवा (जेकेएएस) अधिकारियों की पोस्टिंग मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के पास रहेगी।