सब जज जम्मू के खिलाफ विधान परिषद में लाए गए विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव को लेकर विधायिका और बार एसोसिएशन जम्मू के बीच जारी गतिरोध समाप्त हो गया है। बार एसोसिएशन जम्मू और नेशनल कांफ्रेंस के प्रतिनिधियाें के बीच बैठक में प्रस्ताव वापसी का आश्वासन दिया गया जिसके बाद एसोसिएशन ने सोमवार से काम पर लौटने का एलान कर दिया।
गतिरोध खत्म होने पर बार एसोसिएशन जम्मू की आपात बैठक की अध्यक्षता करते हुए जेएंडके हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एडवोकेट अभिनव शर्मा ने कहा, सोमवार 23 जनवरी से सभी अदालतों और ट्रिब्यूनल का कामकाज बहाल होगा। सब जज के खिलाफ लाए गए प्रस्ताव को वापस लेने का नेकां प्रांतीय अध्यक्ष देवेंद्र राणा और विधान परिषद के चेयरमैन से आश्वासन मिल गया है।
विधान परिषद के चेयरमैन हाजी अनायत अली ने अमर उजाला को बताया कि नेकां सदस्याें ने विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव वापस लेने का आश्वासन दिया है। सोमवार को वे अपना प्रस्ताव वापस ले सकते हैं। दीगर है कि परिषद में चर्चा के दौरान नेकां एमएलसी शौकत गनेई आतंकी बुरहान वानी को शहीद बताया था।
इस मामले पर जांच की याचिका मिलने पर सब जज जम्मू ने पुलिस को जांच का आदेश दिया था। इस पर परिषद में सब जज के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव लाया गया।