नगरोटा हमले में पकड़े गए ओजी वर्करों से पूछताछ में नया खुलासा हुआ है। पता चला है कि जैश-ए-मोहम्मद के आतंकियों का एक दल पंजाब के अमृतसर इलाके में मौजूद है। पंजाब के स्थानीय आतंकी भी इस दल के साथ हैं। अंदेशा है कि यह दल पंजाब में बड़ा हमला कर सकता है। इन आतंकियों को पाकिस्तान से पिस्टल, कारतूस और अन्य गोला-बारूद पहुंचाया गया है।
कुछ और सामग्री भी वहां पहुंचनी थी, जिसे जम्मू पुलिस ने बरामद कर लिया है। बरामदगी अमृतसर के गांव राजपुरा से पिस्टल, कारतूस और अन्य सामान की बरामदगी ओजी वर्कर समीर डार की निशानदेही पर हुई है।
सूत्रों का कहना है कि पुलिस की एक टीम समीर को लेकर मंगलवार को अमृतसर के गांव राजपुरा गई थी। समीर ने बताया कि उसने एक खाली खेत में कारतूस और पिस्टल छिपाकर रखी है। यह उसे दिसंबर, 19 में कश्मीरी आतंकियों ने दिए थे। इसे अमृतसर में ही मौजूद आतंकियों ने लेना था। हथियार इकट्ठा करने की पीछे माना जा रहा है कि आतंकी पंजाब में हमले की साजिश रच रहे हैं।
समीर के खुलासे के बाद नए सिरे से जांच शुरू कर दी गई है। पंजाब का कनेक्शन तो पहले ही इस हमले से जुड़ रहा था। अब वहां जैश की मौजूदगी की भी जानकारी मिली है।