आल जेएंडके आयल टैंकर ड्राइवर एंड क्लीनर एसोसिएशन से जुड़े टैंकर चालक बुधवार से सरकार की देखरेख में रवाना होंगे। डिवीजनल कमिश्नर डा. पवन कोतवाल ने पूरी सुरक्षा व्यवस्था के बीच टैंकर चालकों को रवाना करने की जिम्मेदारी उठाई है। इसकी जानकारी एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने दी।
एसोसिएशन के प्रधान खैरुद्दीन और महासचिव सुरिंद्र सिंह ने बताया कि सुरक्षा मुहैया करवाने की बात जिला प्रशासन ने की है। इसके लिए बुधवार की सुबह दस बजे लेटर देकर इस बात को सुनिश्चित किया जाएगा। फिलहाल अभी वे बनिहाल तक अपने तेल के टैंकरों को लेकर जाएंगे, जिसके बाद आगे घाटी जाने के लिए सुरक्षा मुहैया करवाए जाने की बात हुई है।
डेढ़ माह की कश्मीर हिंसा के चलते अभी तक उनके 200 से ज्यादा टैंकरों को नुकसान पहुंचा और 100 से ज्यादा चालक जख्मी हुए हैं, जिन्हें अभी तक किसी प्रकार का मुआवजा नहीं मिला है, मात्र सरकार की ओर उन्हें मौखिक रूप से सुरक्षा मुहैया करवाने का आश्वासन ही मिला है।
डिवकॉम से मिलने के बाद उन्हें सुरक्षा मुहैया की उम्मीद नजर आई है। इसके बाद उनका हौसला बढ़ा है। बुधवार सुबह सुरक्षा मुहैया करवाने संबंधी लेटर लेने के बाद वे अपने ट्रकों को बनिहाल से आगे घाटी के लिए रवाना करेंगे।