किश्तवाड़ स्थित मचैल माता यात्रा में देशभर से हजारों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, जिससे धाम जयकारों से गूंज उठा है। कठिन रास्तों के बावजूद भक्तों का उत्साह बरकरार है और प्रशासन ने वाहनों की पार्किंग व मूलभूत सुविधाओं की विशेष व्यवस्था की है।
पवित्र मचैल माता यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह और आस्था चरम पर है। देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ केंद्र शासित प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां चंडी के दर्शन के लिए मचैल धाम पहुंच रहे हैं। मंदिर परिसर में प्रतिदिन भक्तों की लंबी कतारें लग रही हैं और पूरा क्षेत्र जयकारों से सराबोर हो गया है।खास बात यह है कि बड़ी संख्या में श्रद्धालु निजी वाहनों से मचैल पहुंच रहे हैं। वाहनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन ने मुस्तैदी दिखाई है।
विज्ञापन
दर्शनी दरवाजे के पास वाहनों के ठहराव के लिए विशेष पार्किंग स्थल बनाए गए हैं जहां श्रद्धालु गाड़ियां सुरक्षित खड़ी कर आगे की यात्रा कर रहे हैं। हालांकि गुलाबगढ़ सेआगे का सड़क मार्ग पूरी तरह सुचारु स्थिति में नहीं है। इसके बावजूद श्रद्धालुओं के जोश में कमी नहीं दिख रही है। रास्ते की चुनौतियों को दरकिनार कर लोग लगातार दरबार की ओर बढ़ रहे हैं। मार्ग में चिकित्सा, स्वच्छ पेयजल और सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। श्रद्धालुओं का कहना है कि माता चंडी के प्रति अटूट श्रद्धा ही उन्हें कठिन रास्तों पर खींच लाती है।