कटड़ा में आयोजित एक बैठक के दौरान नेकां नेता व अन्य फोटो नेकां
जम्मू। जम्मू-कश्मीर के लोगों ने लोकतंत्र को बहाल करने की यात्रा में निष्पक्षता और बहादुरी से योगदान दिया है। अब केंद्र सरकार के लिए यह जरूरी है कि वह जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल कर लोगों के साथ किए वादे को पूरा करे। यह बात जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के प्रांतीय अध्यक्ष एडवोकेट रतन लाल गुप्ता ने कटड़ा में एक दिवसीय कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही।
बैठक रियासी के जिला अध्यक्ष राज कुमार शर्मा की अध्यक्षता में हुई। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से राज्य का दर्जा बहाल करने की केंद्र की प्रतिबद्धता को पूरा करने की दिशा में ठोस कदम उठाने की मांग की। इस दौरान रतन लाल गुप्ता ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आगामी पंचायत और शहरी स्थानीय निकाय चुनावों के लिए तैयार रहने को कहा। पूर्व मंत्री अब्दुल गनी मलिक और उधमपुर रियासी जोन के जोनल अध्यक्ष ने पांच महीने में नेकां सरकार की उपलब्धियों पर बात की। नेकां प्रांतीय सचिव शेख बशीर अहमद ने विभाजनकारी ताकतों के खिलाफ एकजुट और सतर्क रहने की आवश्यकता पर बल दिया। इस दौरान बिमला लूथरा पूर्व विधायक, तेजिंदर सिंह अमन प्रांतीय अध्यक्ष जम्मू वाईएनसी, प्रदीप बाली, विजय लोचन और राकेश सिंह राका व अन्य नेता मौजूद रहे। ब्यूरो