घरों में नल सुविधा मिलने से महिलाओं के जीवन स्तर में आया बदलाव
- फोटो : samvad
- जल दिवस समारोह का हुआ आयोजन, दूर से पानी लाने से मिली राहत महिलाओं को
अमर उजला ब्यूरो
जम्मू। जन जीवन मिशन के तहत नल सुविधा मिलने के बाद लोगों खास कर महिलाओं को राहत मिली है। महिलाओं को दूर से पानी लाने के लिए अब परेशान नहीं होना पड़ रहा है। यह बातें जल शक्ति मंत्री जावेद अहमद राणा ने इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स द्वारा आयोजित विश्व जल दिवस समारोह में कही। इस कार्यक्रम में जल तक पहुंच और लैंगिक समानता के बीच के महत्वपूर्ण जुड़ाव पर प्रकाश डाला गया।
इस ओर ध्यान आकर्षित किया गया कि जल की कमी महिलाओं और लड़कियों का तनाब बढ़ाती है। ग्रामीण इलाकों में पानी लाने के लिए दूर स्थित जल स्त्रोतों का सहारा लेना पड़ता है। नल लगने से राहत मिली है। मंत्री राणा ने समावेशी और सहभागी जल प्रबंधन प्रणालियों के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने केंद्र शासित प्रदेश भर में सुरक्षित और टिकाऊ जल संसाधनों तक सभी की समान पहुंच सुनिश्चित करने के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया।
उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि जल से संबंधित निर्णय लेने की प्रक्रियाओं में महिलाओं को सशक्त बनाने से सामुदायिक लचीलापन काफी हद तक मज़बूत हो सकता है। इस अवसर पर उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों में विधायक अहसान परदेसी के साथ-साथ कई वरिष्ठ अधिकारी और क्षेत्र के विशेषज्ञ भी शामिल रहे। इस कार्यक्रम में जल प्रबंधन ढांचों को सुदृढ़ बनाने, नीति निर्माण में लैंगिक दृष्टिकोण को शामिल करने और जलवायु परिवर्तन से उत्पन्न हो रही नई चुनौतियों का सामना करने जैसे विषयों पर गहन चर्चा हुई।