आतंकी हमलों के बाद से संदिग्ध देखे जाने की सूचनाओं पर सेना के जवानों ने कई इलाकों में तलाशी अभियान चलाया।
दोपहर में दियालाचक, तो दोपहर बाद पल्ली नगरी सड़क से सटे निहालपुर गांव में संदिग्ध देखे जाने से हड़कंप मच गया।
निहालपुर में सैन्य वर्दी में हथियारों से लैश दो संदिग्धों को देखने वाली महिला डर से बेहोश हो गई। दोनों ही जगह तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन संदिग्धों का कोई सुराग नहीं मिल पाया।
दोनों ही इलाकों में एहतियातन सुरक्षा को और चौकस कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार दियालाचक के निकट बाहरी राज्यों से आए श्रमिक दंपति ने बताया कि उनसे चार लोग मिले।
उन्होंने दंपति को जम्मू-कश्मीर में हालात खराब होने के लिए चेताया। डरे दंपति ने तुरंत इसकी पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद सेना ने तलाशी अभियान चलाया, हालांकि उन्हें कोई सफलता नहीं मिल पाई।
इसके बाद करीब चार बजे निहालपुर गांव में एक महिला ने सैन्य वर्दी में हथियारों से लैस दो लोगों को देखने का दावा किया। महिला के अनुसार सैन्य वर्दी में हथियारों के साथ आए दोनों संदिग्धों ने स्पोर्ट्स शूज पहन रखे थे।
उन्होंने महिला से पानी मांगा। पानी लेने के बहाने वह पड़ोसी के घर आ गई, जहां पर पहुंचते ही वह बेहोश हो गई। देखते ही देखते महिला के पास ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
बाद में पुलिस, एसओजी, सेना और सीआरपीएफ ने संयुक्त तलाशी अभियान छेड़ दिया। देर शाम तक तलाशी अभियान चलाने के बावजूद संदिग्धों का सुराग नहीं लग पाया।