जम्मू। भलवाल में ठठर पेट्रोल पंप के पास अस्थायी सड़क का निर्माण होना है। ट्रैफिक पुलिस ने 11 जून से 15 दिन के लिए ट्रैफिक डायवर्जन किया है। इस दौरान वाहनों के परिचालन की अनुमति नहीं होगी। लोगों से निर्धारित रूट का इस्तेमाल करने के लिए कहा है।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार बाबा कैलख नाथ मंदिर के पास अस्थायी सड़क निर्माण कार्य के दौरान बनतालाब चौक से राजपुर चौक जाने वाले मार्ग पर यातायात प्रभावित रहेगा। शहर से बनतालाब चौक पहुंचने वाले वाहन राधा स्वामी आश्रम के सामने से बाएं मुड़कर ग्रैंड ताज व रिजॉर्ट के अंदरूनी मार्ग से होकर आगे बढ़ें। अंब घरोटा, खेरी और कोट भलवाल से आने वाले वाहनों को राजपुर चौक से मशीन दोमाना के पास अखनूर रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि निर्माण कार्य पूरा होने तक राधा स्वामी आश्रम बनतालाब से राजपुर चौक के बीच के मार्ग पर अनावश्यक आवाजाही से बचें। वाहन चालकों को वैकल्पिक लिंक मार्गों का उपयोग करने को कहा है। इनमें अखनूर रोड-मशीन दोमाना-ठठर लिंक रोड, अखनूर रोड-गोम्पुल-पुरखू-कोट भलवाल तथा अखनूर रोड-रिंग रोड कट-रिंग रोड-अंब घरोटा रोड शामिल है।