जम्मू। शहर में सफाई व्यवस्था और शिकायत निवारण तंत्र की हकीकत बुधवार को गोल गुजराल कैंप रोड स्थित नहर में देखने को मिली। मरा हुआ कुत्ता करीब आठ दिन तक नहर में पड़ा रहा। लोगों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद निगम की टीम नहीं पहुंची। आखिरकार दुर्गंध और बीमारी फैलने के खतरे से परेशान लोगों को स्वयं ही शव का निस्तारण करना पड़ा। शव के सड़ने से क्षेत्र में बदबू फैल गई थी। मनमोहन सिंह ने बताया कि कई बार अधिकारियों को सूचना दी। सुनीता देवी के अनुसार दुर्गंध के कारण सैकड़ों परिवार प्रभावित हो रहे थे। बीमारी फैलने की आशंका के बीच दवा छिड़ककर शव का निस्तारण किया। घटना के बाद लोगों ने नहरों की सफाई व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। बताया कि नहर में गाद और कचरे के ढेर जमा हैं जबकि कई स्थानों पर पुलियों के कारण सफाई कार्य प्रभावी ढंग से नहीं हो रहे।